पटना ।। बिहार में बाढ़ अनुमंडल के सदर बाजार क्षेत्र में मंगलवार सुबह अज्ञात अपराधियों ने सत्तारूढ़ जनता दल [यूनाइटेड] के नेता जलेश्वर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। जलेश्वर मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के नजदीकी माने जाते थे।
पुलिस के अनुसार जलेश्वर सिंह अन्य दिनों की भांति मंगलवार सुबह भी टहलने के लिए निकले थे। बाजार में पहुंचते ही अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार अपराधियों ने जलेश्वर को जान से मारने की धमकी भी दी थी और इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दे दी थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
जलेश्वर की हत्या के बाद बाढ़ इलाके में सड़कों पर हजारों लोगों का जमावड़ा लग गया है।