पटना ।। बिहार के सीवान जिले के दरौंदा विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक कविता सिंह को विधानसभा अध्यक्ष उदयनारायण चौधरी ने सोमवार को विधानसभा की सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।
विधानसभा के पुस्तकालय कक्ष में आयोजित इस मौके पर आयोजित समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी उपस्थित थे।
इस मौके पर कविता ने कहा कि वे दरौंदा विधानसभा क्षेत्र की जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। उन्होंने अपनी जीत को पूर्व विधायक जगमातो देवी के प्रति लोगों की सच्ची श्रद्घांजलि बताया।
उल्लेखनीय है कि जनता दल युनाइटेड (जदयु) की पूर्व विधायक जगमातो देवी के निधन के बाद यह सीट खाली थी। इस सीट के 13 अक्टूबर को उपचुनाव हुआ था। कविता पूर्व विधायक जगमातो देवी की पुत्रवधू हैं।
गौरतलब है कि 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में अब सतारूढ़ जदयु के विधायकों की संख्या 117 हो गई है, जबकि उसकी सहयोगी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों की संख्या 91 है।