मुम्बई ।। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता एवं सांसद अमर सिंह ने अभिषेक बच्चन एवं ऐश्वर्या राय को बुधवार को बेटी के जन्म पर बधाई दी। अमर सिंह अपने अंगरक्षक एवं कार चालक के साथ सेवेन हिल्स अस्पताल के पांचवें तल पर पहुंचे जहां पर ऐश्वर्या राय भर्ती हैं। ऐश्वर्या ने बुधवार सुबह पुत्री को जन्म दिया। इस खबर के बाद बॉलीवुड में खुशी की लहर फैल गई। बच्चन परिवार को बधाई देने वालों का तांता लग गया। इसमें अनुपम खेर, जावेद अख्तर, सोनम कपूर, बिपाशा बसु ने ट्विटर पर बधाई संदेश भेजे।
कुछ ही समय बाद अमर सिंह वापस लौटे और उन्हें विदा करने के लिए अमिताभ बच्चन साथ में थे।
अन्य आने वालों में फिल्मकार गोल्डी बहल और उनकी अभिनेत्री पत्नी सोनाली बेंद्रे, अपूर्व लाखिया एवं बंटी वालिया थे।
अस्पताल से आधे किमी की दूरी तक पुलिसकर्मी तैनात दिखाई दे रहे थे।