Home देश बढ़ रहा है चीन का समुद्री जलस्तर

बढ़ रहा है चीन का समुद्री जलस्तर

बीजिंग ।। तापमान में वृद्धि के कारण आने वाले दो दशकों में चीन के नजदीक समुद्र का जलस्तर 130 मिलीमीटर तक बढ़ जाएगा। एक राष्ट्रीय वैज्ञानिक रपट में यह बात कही गई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक समुद्र में जलस्तर बढ़ने के बाद चीन का 18,000 वर्ग किलोमीटर का तटीय इलाका समुद्र में डूब जाने का अनुमान है।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, चीन मौसम विज्ञान प्रशासन व चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज ने जलवायु परिवर्तन पर दूसरी राष्ट्रीय आकलन रपट पेश की है। रपट के मुताबिक तापमान में होती लगातार वृद्धि से साल 2030 में समुद्र का जलस्तर 130 मिलीमीटर तक बढ़ जाएगा जबकि 2009 में यह जलस्तर 80 मिलीमीटर था।

रपट मंगलवार को जारी हुई थी। रपट में यह भी कहा गया है कि चीन में धरती के औसत तापमान में 1951 से 2009 के बीच 1.38 डिग्री की वृद्धि हुई है।

रपट में कहा गया है कि तापमान बढ़ने के परिणामस्वरूप बीते 60 सालों में चीन के ग्लेशियर 10 प्रतिशत तक सिकुड़ गए हैं।

दक्षिणी चीन की पर्ल नदी में 2050 तक समुद्री जलस्तर में 90 से 210 मिलीमीटर तक की वृद्धि होगी।

चीन में इस तरह की पहली रपट चार साल पहले जारी हुई थी।

Rate this post

NO COMMENTS