Home देश वोट के बदले नोट कांड : सुहैल ने लिया अमर और अहमद...

वोट के बदले नोट कांड : सुहैल ने लिया अमर और अहमद का नाम

नई दिल्ली, Hindi7.com ।। वोट के बदले नोट कांड में दूसरी गिरफ्तारी होने के साथ ही सांसद अमर सिंह पर खतरे की घंटी मंडराने लगी है। माना जा रहा है कि दिल्ली पुलिस अमर सिंह से इस केस के सिलसिले में आज पूछताछ कर सकती है। राज्यसभा सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार, राज्यसभा अध्यक्ष हामिद अंसारी ने बीते बुधवार को ही इसकी इजाजत दे दी है। इससे पहले गृह मंत्रालय ने इस संबंध में उनसे राय मांगी थी।

अमर सिंह के पूर्व सहयोगी संजीव सक्सेना और बुधवार को सुहैल हिंदुस्तानी को इस केस के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में सुहैल ने अमर सिंह के अलावा कांग्रेस नेतृत्व की ओर भी इशारा किया है। कहा जा रहा है कि सुहैल ने कांग्रेस के एक बड़े नेता का नाम लिया है।

पुलिस का आरोप है कि जुलाई 2009 में सुहैल कांग्रेस के पास यह प्रस्ताव लेकर गया था कि वह भाजपा के तीन सांसदों को खरीदकर, उसके वोट यूपीए सरकार को दिला सकता है। इसके लिए उसे कमीशन चाहिए। कांग्रेस में बात नहीं बनी, तो वह समाजवादी पार्टी के तत्कालीन महासचिव अमर सिंह के पास पहुंचा। उसके बाद बीजेपी के तीन एमपी अशोक अर्गल, महावीर भगोरा और फग्गन सिंह कुलस्ते को खरीदने की कयावद चली।

पुलिस का कहना है कि अशोक अर्गल के सरकारी बंगले पर 22 जुलाई 2009 को एक करोड़ रुपये रिश्वत देने का स्टिंग ऑपरेशन 21 जुलाई से शुरू हुआ था। खास बात यह है कि उस स्टिंग ऑपरेशन में भी सोहेल हिंदुस्तानी का अहम् रोल था।

सुहैल ने क्राइम ब्रांच के दफ्तर में जाने से पहले इस रिश्वत कांड में कांग्रेस के सीनियर नेताओं और अमर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुहैल ने कहा है कि मेरे पास अमर सिंह और अहमद पटेल [सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार] ने कॉल किया था। इसके अलावा पीएम के करीबियों और 10 जनपथ से भी फोन आये थे।

Rate this post

NO COMMENTS