Home देश भारत, दक्षिण अफ्रीकी देशों के बीच होगा व्यापार समझौता

भारत, दक्षिण अफ्रीकी देशों के बीच होगा व्यापार समझौता

जोहांसबर्ग ।। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यहां गुरुवार को कहा कि भारत जल्दी ही दक्षिण अफ्रीकी देशों के साथ एक तरजीही व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करेगा।

  एक दिन के आधिकारिक दौरे पर आए सिंधिया ने कहा, “इससे दक्षिण अफ्रीकी क्षेत्र में हमारे निर्यात में काफी तेजी आएगी।”

सिंधिया ने यहां दक्षिण अफ्रीका की व्यापार और उद्योग उप मंत्री एलिजाबेथ थाबेथे से मिलने के बाद कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ (एसएसीयू) के बीच चल रही वार्ता जल्दी ही पूरी होगी।

यह वार्ता 2007 से चल रही है। एसएसीयू के अंदर दक्षिण अफ्रीका, लेसोथो, स्वाजीलैंड, बोत्सवाना और नाम्बिया आते हैं। वार्ता में सीमा शुल्क और अन्य बाधाओं को दूर कर आपसी व्यापार को बढ़ाने की व्यवस्था की जा रही है।

‘भारत-दक्षिण अफ्रीका : भविष्य के लिए विकासशील साझेदारी’ विषय पर एक सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता का मुकाबला करने के लिए भारत और दक्षिण अफ्रीका को मिलकर काम करना चाहिए।

सम्मेलन का आयोजन भारतीय उद्योग परिसंघ और बिजनेस यूनिटी साउथ अफ्रीका ने मिलकर किया था।

Rate this post

NO COMMENTS