Home देश पाकिस्तान ने नाटो की आपूर्ति स्थायी तौर पर रोकी : मलिक

पाकिस्तान ने नाटो की आपूर्ति स्थायी तौर पर रोकी : मलिक

इस्लामाबाद ।। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान से सटी सीमा चौकी पर हवाई हमले के बाद उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के लिए आपूर्ति स्थायी तौर पर रोक दी है। यह जानकारी पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने दी। 

मलिक ने रविवार को बताया कि पाकिस्तान से रास्ते से होने वाली नाटो की आपूर्ति स्थायी तौर पर रोक दी गई है।

नाटो हेलीकॉप्टरों के हवाई हमले में करीब 25 सैनिक मारे गए थे और 15 घायल हो गए थे। इसके बाद पाकिस्तान अमेरिका के समक्ष कड़ा ऐतराज व्यक्त किया था।

एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान के अनुसार मलिक ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान पाकिस्तानी सैनिकों पर हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “नाटो सेनाओं को पाकिस्तानी राष्ट्र की भावनाओं का आदर करना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि राष्ट्र अपने सैनिकों की मौत से गमगीन है। मलिक ने कहा कि जिन नाटो ट्रकों को रोका गया है उन्हें पाकिस्तान-अफगानिस्तान की सीमा पार करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

पिछले साल 30 सितम्बर को कुर्रम एजेंसी क्षेत्र में हवाई हमले के बाद भी नाटो की आपूर्ति रोकी गई थी। इस हमले में भी पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे। यह मामला पाकिस्तानी सरकार ने नाटो हाई कमान के समक्ष उठाया था।

उल्लेखनीय है कि नाटो सुरक्षा बलों ने वर्ष 2001 से अफगानिस्तान में अभियान छेड़ रखा है और उनके लिए रसद पाकिस्तान से ही होकर गुजरती है।

Rate this post

NO COMMENTS