Home देश मानसून फिर दक्षिण की ओर

मानसून फिर दक्षिण की ओर

नई दिल्ली ।। मानसून का रुख एक बार फिर दक्षिण की ओर हो गया है। अगले एक-दो दिन तक हालांकि मध्य भारत और पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में मानसून के सक्रिय रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भारी बारिश की चेतावनी दी है, जबकि ओडिशा, उत्तरी आंध्र प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी राजस्थान और गुजरात क्षेत्र में अगले 48 घंटों के दौरान तेज बारिश हो सकती है।

राजधानी दिल्ली में पिछले दो दिन की वर्षा के बाद गुरुवार को एक बार फिर तेज धूप और गर्मी रही। बारिश नहीं होने की वजह से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में मामूली कमी का अनुमान है। यह अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश की भी सम्भावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, मध्य प्रदेश, कोंकण एवं गोवा, तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में तेज बारिश हुई, जबकि जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखण्ड, ओडिशा, सुदूर कर्नाटक व महाराष्ट्र, लक्षद्वीप में मध्यम बारिश हुई। उत्तराखण्ड, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, सौराष्ट्र, कच्छ, तमिलनाडु में छिटपुट बारिश हुई। देशभर में औसतन चार मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

उत्तर तथा मध्य भारत के विभिन्न शहरों में इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस, लखनऊ 30 डिग्री, पटना का 32.6 डिग्री सेल्सियस, गया का 29.2 डिग्री, रांची का 27.8 डिग्री, चण्डीगढ़ का 30 डिग्री, भोपाल का 24 डिग्री, शिमला का 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली के अतिरिक्त अन्य तीन महानगरों में मुम्बई का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस, चेन्नई का 32.8 डिग्री और कोलकाता का 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Rate this post

NO COMMENTS