Home देश दिल्ली में धूमधाम से मनी बकरीद

दिल्ली में धूमधाम से मनी बकरीद

नई दिल्ली ।। दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में सोमवार को ईद-उल-जुआ या बकरीद के मौके पर हजारों लोगों ने नमाज अदा कर एक दूसरे को मुबारकबाद दी।

जामा मस्जिद में ‘अल्लाह हो अकबर’ की गूंज के साथ ही हजारों लोगों ने एक साथ नमाज अदा की।

जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा, “जामा मस्जिद खचाखच भरी हुई थी। सुबह 8.30 बजे हजारों लोगों ने नमाज अदा की। नमाज आमतौर पर सूर्योदय के एक घंटे 15 मिनट बाद अदा की जाती है।”

जामा मस्जिद के अलावा फतेहपुर मस्जिद, ईदगाह मस्जिद में भी नमाज अदा करने वालों की भीड़ देखी गई। ईद-उल-जुआ को ईद-उल-कुर्बान या बकरीद के नाम से भी जाना जाता है। इस दौरान विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय की ओर से बकरों और भेड़ों की कुर्बानी दी जाती है।

दक्षिण दिल्ली के जामिया नगर में रहने वाले मुकर्रम अहमद ने कहा, “यह त्योहार सत्य और बलिदान की याद दिलाता है। इसे महज एक बकरी या भेड़ की कुर्बानी के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए बल्कि एक व्यक्ति द्वारा अपने अल्लाह को खुश करने के लिए दी जा रही कुर्बानी के तौर पर देखनी चाहिए।”

दिल्ली में बकरीद के मौके पर कुछ इलाकों में उच्च प्रजाति की बकरियों की बिक्री हुई। इसमें मेवाती, बारबरी, देसी और तोतापुरी प्रजातियों की मांग ज्यादा थी, जिन्हें पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश और राजस्थान से लाया गया था।

Rate this post

NO COMMENTS