Home देश कांग्रेस कोर कमेटी में हुआ तेलंगाना, चुनाव सुधार पर विचार

कांग्रेस कोर कमेटी में हुआ तेलंगाना, चुनाव सुधार पर विचार

नई दिल्ली ।। आंध्र प्रदेश में अलग तेलंगाना राज्य को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थन मिलने के बाद कांग्रेस पार्टी की कोर कमेटी ने शुक्रवार को तेलंगाना आंदोलन और चुनाव सुधार के मुद्दे पर विचार किया।

समिति की बैठक में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित कई शीर्ष नेता मौजूद थे। जानकारों ने कहा कि बैठक डेढ़ घंटे चली।

उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने हाल ही में अलग तेलंगाना राज्य को समर्थन दिया और अगले साल के शुरू तक नए राज्य के बन जाने की उम्मीद जताई है।

शुक्रवार की बैठक में कांग्रेस के महासचिव और आंध्र प्रदेश के प्रभारी गुलाम नबी आजाद, केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, रक्षा मंत्री ए.के. एंटोनी, केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम और गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल भी मौजूद थे।

बैठक में चुनाव सुधार के मुद्दे पर भी विचार किया गया। पिछले दिनों अन्ना हजारे द्वारा इस मुद्दे पर आवाज उठाने के बाद यह मुद्दा चर्चा में आ गया है।

केंद्रीय कानून मंत्री, जो इस समिति के सदस्य नहीं हैं, ने चुनाव सुधार पर मंत्रालय के प्रस्ताव को पेश किया, जिसमें आपराधिक मामले के आरोपी को चुनाव लड़ने से रोक लगाने और चुनाव में सीमित सरकारी सहायता की बात कही गई है।

Rate this post

NO COMMENTS