Home देश टीम अन्ना के खिलाफ होने वाली हर साजिश के पीछे कांग्रेस की...

टीम अन्ना के खिलाफ होने वाली हर साजिश के पीछे कांग्रेस की “चंडाल चौकड़ी” का हाथ

नई दिल्ली ।। अपनी टीम के सदस्यों पर लग रहे आरोपों के बचाव में अन्ना हजारे ने कहा है कि इसके पीछे सरकार में शामिल चंडाल चौकड़ी का हाथ है। 

अपनी टीम के सदस्यों पर वित्तीय गड़बड़ियों के आरोपों के बाद हजारे ने अपने विचार अपने नये ब्लॉग में व्यक्त किए हैं। ब्लॉग का नाम है “चंडाल चौकड़ी को नेस्तानाबूद करो”।

हालांकि, गांधीवादी कार्यकर्ता ने चार व्यक्तियों का नाम जाहिर नहीं किया लेकिन उनका इशारा संयुक्त समिति के कुछ सदस्यों की ओर था।

ब्लॉग के जरिए उन्होंने यूपीए सरकार पर सीधा हमला बोला है। अन्ना हजारे ने ‘हवाई यात्रा भ्रष्टाचार’ के आरोपों का सामना कर रहीं अपनी करीबी सहयोगी किरण बेदी का बचाव किया।

उन्होंने कहा कि उनकी टीम को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है और उनकी टीम के खिलाफ अभियान में सरकार में शामिल ‘चार मंत्रियों की चौकड़ी’ का हाथ है।

उन्होंने कहा कि आरोप और अपमान ही ‘कुछ’ के लिए मंत्र है। भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के अगुवा ने कहा कि उन लोगों को जन लोकपाल के आने से सत्ता खोने का डर है।

उन्होंने कहा है कि किरण बेदी पर ज्यादा हवाई किराया लेने के आरोप उन्हीं चार मंत्रियों की चौकड़ी ने लगाया है जिन्होंने जन-लोकपाल का विरोध किया था।

उन्होंने कहा कि किरण कई बार ये स्पष्ट कर चुकी हैं कि अगर उन्होंने इस धन से अपना या अपने परिवार का भला किया हो, तो सरकार अपनी किसी भी जांच एजेंसी से उनकी जांच करा सकती है और दोषी सिद्ध होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकती है, लेकिन ऐसा नहीं लग रहा है कि सरकार ये करेगी।

हजारे ने कहा, ‘‘आरोप लगाना और अपमानित करना कुछ लोगों का मंत्र लग रहा है। ऐसा पहली बार नहीं है कि किरण बेदी के खिलाफ आरोप लगाया गया है। टीम अन्ना के हर सदस्य को इन ‘चार मंत्रियों की चौकड़ी’ से आरोपों और चरित्र हनन का सामना करना पड़ा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ये लोग कौन हैं ? ये वही लोग हैं जो जन लोकपाल विधेयक के पक्ष में नहीं हैं।’’

Rate this post

NO COMMENTS