Home देश उरुग्वे के सबसे सफल फुटबाल खिलाड़ी बने फोर्लान

उरुग्वे के सबसे सफल फुटबाल खिलाड़ी बने फोर्लान

मोंटेवीडियो (उरुग्वे) ।। डिएगो फोर्लान उरुग्वे के सबसे सफल फुटबाल खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय टीम के लिए खेलते हुए अब तक सर्वाधिक 32 गोल किए हैं।

इटली में पेशेवर फुटबाल खेलने वाले 32 वर्षीय फोर्लान ने मंगलवार को पराग्वे के खिलाफ हुए फीफा विश्व कप क्वालीफाईंग मुकाबले में गोल करते हुए यह मुकाम हासिल किया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने स्टार स्ट्राइकर फोर्लान के हवाले से लिखा है, “मैं खुश हूं। यह गोल इसलिए भी खास था क्योंकि इसके माध्यम से हमारे पास मैच पर हावी होने का मौका था।”

फोर्लान के गोल की मदद से उरुग्वे ने क्वालीफाईंग मुकाबले में पराग्वे को 1-1 से बराबरी पर रोक लिया। फोर्लान ने इस गोल की बदौलत हेक्टर स्कारोन के 31 गोल के राष्ट्रीय रिकार्ड को तोड़ दिया।

वर्ष 2010 में दक्षिण अफ्रीका में हुए विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाले फोर्लान ने उरुग्वे के लिए अब तक कुल 84 मैच खेले हैं, जो एक रिकार्ड है।

फोर्लान ने वर्ष 2002 में पहली बार राष्ट्रीय जर्सी पहनी थी। उस समय से लेकर आज तक उनके टीम में रहते हुए उरुग्वे 34 मुकाबले जीता है जबकि 28 ड्रॉ रहे हैं। 22 में ही उसकी हार हुई है।

Rate this post

NO COMMENTS