Home देश कश्मीर में हिमपात से शीतलहर में राहत

कश्मीर में हिमपात से शीतलहर में राहत

श्रीनगर ।। कश्मीर में मंगलवार हुए ताजा हिमपात के बाद स्थानीय लोग सर्दी से राहत महसूस कर रहे हैं। बीते एक पखवाड़े से पूरी कश्मीर घाटी में शीतलहर का प्रकोप जारी था। अब हिमपात से इसमें राहत मिली है। 

स्थानीय मौसम विज्ञान विभाग में निदेशक सोनम लोटस ने आईएएनएस को बताया कि सोनमार्ग पर्यटक रिसॉर्ट में मंगलवार को 10 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया। पहलगाम व गुलमर्ग में भी हिमपात हुआ है।

अधिकारी ने कहा कि घाटी में अब भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं और इस वजह से कई स्थानों पर और बारिश होने व हिमपात की सम्भावना है।

आकाश पर बादल छाए रहने की वजह से रात का तापमान बढ़ा है। इससे स्थानीय लोगों को घाटी में 15 दिन से बह रही शीतलहर से राहत मिली है।

एक अन्य अधिकारी ने बताया, “श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, पहलगाम में शून्य से 1.2 डिग्री नीचे व गुलमर्ग में शून्य से सात डिग्री नीचे दर्ज किया गया।”

लद्दाख क्षेत्र में स्थित लेह जम्मू एवं कश्मीर का सबसे सर्द शहर रहा। वहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

प्रदेश में 40 दिन कड़ाके की सर्दी पड़ती है। इस अवधि को ‘चिल्लई कलान’ कहते हैं और बुधवार से इसकी शुरुआत होगी।

परम्परागत रूप से ऐसा माना जाता है कि इस अवधि के दौरान घाटी के बारहामासी जलाशय पहाड़ों पर होने वाले हिमपात से भर जाते हैं और इसीलिए गर्मियों के महीनों में स्थानीय नदियों व धाराओं में पानी रहता है।

Rate this post

NO COMMENTS