Home देश मप्र में शुरू हुआ ‘बेटी बचाओ अभियान’

मप्र में शुरू हुआ ‘बेटी बचाओ अभियान’

भोपाल ।। मध्य प्रदेश में पिछले 10 वर्षो के दौरान शिशु लिंगानुपात में आई गिरावट से चिंतित राज्य सरकार ने बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहित करने के लिए नवरात्र पर्व की नवमी से ‘बेटी बचाओ अभियान’ की शुरुआत की है।

वर्ष 2011 की जनसंख्या के अंतरिम आंकड़ों के अनुसार राज्य में शून्य से छह वर्ष की आयु के प्रति 1000 बालकों पर 912 बालिकाएं हैं, जबकि 10 वर्ष पहले हालात बेहतर थे।

वर्ष 2001 की जनगणना में यह अनुपात 1000 पर 932 था। इस तरह 10 वर्षो के दौरान बालिकाओं की संख्या में 20 प्रति हजार की गिरावट आई है।

इतना ही नहीं राज्य के डेढ़ दर्जन जिले ऐसे हैं, जहां शिशु लिंगानुपात चिंताजनक स्तर तक पहुंच गया है। सबसे बुरा हाल भिण्ड जिले का है, जहां 1000 बालकों पर 838 बालिकाएं हैं। राज्य में शिशु लिंगानुपात सुधारने के लिए नवरात्र की नवमी को बुधवार से ‘बेटी बचाओ अभियान’ की शुरुआत हुई है। इस कार्यक्रम की शुरुआत भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर हुई। वहीं जिला मुख्यालयों पर भी यह कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सृष्टि को बचाना है तो बेटी को बचाना होगा, क्योंकि बेटी है तो कल है। समाज में बेटी-बेटे के भेदभाव को खत्म करना होगा। सरकार अनेक योजनाएं चला रही है, लेकिन उसके बाद भी शिशु लिंगानुपात में आई गिरावट चिंता जनक है।

उन्होंने कहा कि चिंताजनक स्थिति गांवों की नहीं बल्कि शहरों की है। अशिक्षितों के बजाय पढ़े लिखे परिवारों में बेटियों की संख्या कम है।

चौहान ने कहा कि लड़का-लड़की के भेदभाव को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाज का नजरिया बदलने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। कन्या जन्म को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए बेटी वाले दम्पति को सरकार पेंशन देने की योजना बना रही है। वहीं कन्या भ्रूण हत्या करने वालों को दंडित किया जाएगा।

उपस्थित लोगों को चौहान ने शपथ दिलाई कि वे बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करेंगे। इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम के अलावा चौहान ने कन्यापूजन किया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा, पूर्व मुख्यमंत्री सुंदर लाल पटवा, बच्चों के लिए काम करने वाली संस्था यूनिसेफ के प्रतिनिधि सहित अनेक लोग मौजूद थे।

इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री ‘बेटी बचाओ अभियान’ यात्रा भी शुरू करेंगे। इसकी शुरुआत दतिया से 10 अक्टूबर को होगी। पूर्व घोषित यात्रा की तारीख में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की यात्रा के कारण तब्दीली की गई है। यह यात्रा सप्ताह में एक बार होगी।

Rate this post

NO COMMENTS