Home देश “किसान संदेश यात्रा” है राहुल का ड्रामा – राजनाथ सिंह

“किसान संदेश यात्रा” है राहुल का ड्रामा – राजनाथ सिंह

लखनऊ, Hindi7.com ।। राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी के “किसान संदेश यात्रा” की आलोचना करते हुए कहा है कि यह उनकी राजनीतिक ड्रामेबाजी है। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा, किसानों की समस्याएं बहुत बड़ी और गंभीर हैं।

मगर इसकी आड़ में कांग्रेस और बसपा की सांठगांठ से, एक ऐसी स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है, जिसमें भ्रष्टाचार और मंहगाई के मुद्दे से जनता के ध्यान को भटकाया जा सके। यह इस कारण से, क्योंकि इन मुद्दों पर दोनों ही दल कटघरे में खड़े है और जनता के सवालों का जवाब नहीं दे पा रहे हैं।

राजनाथ ने सवालिया अंदाज में कहा कि यदि कांग्रेस और बसपा में सांठगांठ नहीं है, तो राहुल गांधी के दौरे के लिए धारा 144 हटा ली जाती है, और जब राजनाथ सिंह वहां जाते हैं तो, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है।

राहुल की पदयात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि किसानों की समस्याएं कोई नयी नहीं है। आजादी आने के बाद से प्रदेश और देश में अधिकांश समय तक कांग्रेस की ही सत्ता रही है। राहुल की पदयात्रा यदि नाटक नहीं है, तो यह माना जाना चाहिए कि कांग्रेस और इसके नेताओं ने आज तक न तो, किसानों की समस्याएं समझने की कोशिश की, और न ही उनके हित में कोई कदम उठाया।

राजनाथ ने कहा कि राहुल गांधी भूमि अधिग्रहण के कारण पैदा होने वाली कठिनाईयों के बारे में किसानों का हालचाल और सुझाव ले रहे हैं। आखिर किसानों की आज जो भी समस्याएं हैं। वह कोई एक दिन में तो पैदा हुई नहीं। आखिर कांग्रेस ने अब तक उनके समाधान के लिए क्या किया? राहुल को इसके बारे में बताना चाहिए।

पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक 2007 से ही संसद में पड़ा है। राहुल गांधी कांग्रेस के महासचिव होने के साथ-साथ और भी बहुत कुछ हैं। उन्होंने अब तक भूमि अधिग्रहण कानून में किसानों के हितों के अनुरुप कोई संशोधन क्यों नहीं करवाया। किसी किसान अथवा गरीब-दलित के घर जाकर खाना खा लेने और एक रात वहां सो लेने से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता। इसके लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत होती है। कांग्रेस इसमें असफल रही है।

राजनाथ ने कहा कि लोकसभा चुनाव के मौके पर कांग्रेस ने सौ दिन के भीतर महंगाई पर काबू पा लेने का वायदा किया था। दो साल से अधिक हो गये, लेकिन मंहगाई घटने का नाम नहीं ले रहा। यह पहले से कई गुना अधिक बढ़ गया है। क्या किसानों को महंगाई से परेशानी नहीं होती? राहुल गांधी इस बारे में कभी कुछ नहीं बालते, क्यों?

Rate this post

NO COMMENTS